बुधवार, 5 अक्तूबर 2016

और स्थापित हो गए विश्व के सबसे ऊंचे लंकेश

बराड़ा। प्रत्येक वर्ष श्री रामलीला क्लब, बराड़ा, अंबाला द्वारा बनाया जाने वाला विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला आज बराड़ा में स्थापित कर दिया गया। श्री रामलीला क्लब बराड़ा के संयोजक तनवीर जाफरी ने बताया कि सामाजिक बुराईयों के प्रतीक इस विशालकाय पुतले को इस वर्ष आतंकवाद के प्रतीक के रूप में बनाया गया है। इसका निर्माण क्लब के संस्थापक अध्यक्ष तेजिंद्र सिंह चौहान के निर्देशन  में किया गया है। सामाजिक बुराईयों का प्रतीक यह विशालकाय पुतला 11 अक्तूबर तक आम लोगों के दर्शनार्थ खड़ा रहेगा।
इस विशाल पुतले को स्थापित किए जाने के तकनीकी व सुरक्षात्मक पहलुओं की जानकारी देते हुए क्लब प्रमुख तेजिंद्र चौहान ने बताया कि पुतले के चारो ओर पुतले की ऊंचाई के बराबर की परिधि $खाली छोड़ी गई है। इस परिधि को बेरीकेड द्वारा घेरा गया है। उन्होंने बताया कि क्लब के वालंटियर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी इस बात पर नज़र रखेंगे कि कोई भी व्यक्ति बेरीकेड के भीतर न जाने पाए। इसके अतिरिक्त सुरक्षा संबंधी सभी ज़रूरी मापदंड पूरे किए जा रहे हैं। चौहान ने बताया कि इस वर्ष के पुतले की ऊंचाई गत् वर्ष की भांति 210 फुट ही निर्धारित की गई है पंरतु इस वर्ष इस पुतले के वज़न को पहले से कुछ कम करने का प्रयास किया गया है। पुतले के निर्माण में लोहा, बांस, कपड़ा, कागज़, फाईबर, बिजली की सामग्री, आतिशबाज़ी टाट, सूतली तथा लेई आदि का प्रयोग किया गया है।
पांच दिवसीय बराड़ा महोत्सव की शुरुआत 7 अक्तूबर को  सायंकाल हरियाणा साहित्य अकादमी के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन से होगी। जिसमें देश के प्रसिद्ध कवि युसुफ भारद्वाज, डा० अशोक बतरा, महेंद्र शर्मा, मास्टर महेंद्र, सत्यदेव हरियाणवी, हलचल हरियाणवी तथा आलोक भंडोरिया आदि कविगण भाग लेंगे। 8 अक्तूबर की शाम को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, एनज़ेडसीसी के सहयोग से प्रसिद्ध पंजाबी गायक रौशन प्रिंस अपना संगीतमय कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इसी प्रकार 9 अक्तूबर की शाम उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, एनज़ेडसीसी के सहयोग से ही एक और मशहूर पंजाबी पॉप गायक अनादि मिश्र के सुरों से सजाई जाएगी। जबकि 10 अक्तूबर की शाम को उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के सहयोग से मशहूर सूफी गायक मानक अली अपनी लाईव प्रस्तुति देंगेे। 
विजयदशमी अर्थात् 11 अक्तूबर को श्री रामलीला क्लब बराड़ा एवं एमएम विश्वविद्यालय के सहयोग से क्लब के संस्थापक अध्यक्ष राणा तेजिंद्र सिंह चौहान के निर्देशन में तैयार किया गया 210 फीट का विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला लाखों दर्शकों के समक्ष रिमोट का बटन दबाकर अग्रि की भेंट कर दिया जाएगा। रावण दहन के कार्यक्रम में  रावण दहन के समय आतिशबाज़ी का आकर्षक रंगाारंग नज़ारा देखने को मिलेगा। क्लब के पदाधिकारियों ने बराड़ा महोत्सव के सभी कार्यक्रमों में लोगों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। संयोजक तनवीर जाफरी ने बताया कि इस वर्ष का पुतला जहां तमाम सामाजिक बुराईयों का प्रतीक होगा वहीं विशेष रूप से इस पुतले को आतंकवाद जैसी विश्व की वर्तमान सबसे बड़ी बुराई को समर्पित किया जाएगा। उपरोक्त सभी कार्यक्रमों में बिना किसी प्रवेश पत्र के भाग लिया जा सकेगा। 

Report- तेजिंद्र चौहान

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें